एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ ।  राजधानी के हजरतगंज इलाके में शनिवार देर रात एक युवक ने कार के भीतर खुद को गोली मारकर जान दे दी। घटना डीएम कंपाउंड कॉलोनी के पास की है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस को सूचना रात करीब 11:40 बजे मिली, जिसके बाद मौके पर डीसीपी मध्य, एडीसीपी, एसीपी हजरतगंज और फील्ड यूनिट की टीमें पहुंचीं और जांच शुरू की।

कार के भीतर मिला युवक का शव, हाथ में थी रिवॉल्वर

मौके पर होंडा बीआर-वी कार (नंबर UP32 KE 8099) स्टार्ट हालत में खड़ी मिली। चालक सीट पर बैठे युवक के सिर में गोली लगी थी और मौके पर ही उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस को मृतक के दाहिने हाथ में रिवॉल्वर मिला।कार के भीतर तलाशी लेने पर एक छोटी पन्नी में चार जिंदा कारतूस, जबकि रिवॉल्वर में एक खोखा और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए। इस तरह कुल नौ जिंदा व एक फायर कारतूस मौके से बरामद हुए हैं।

राजाजीपुरम निवासी था मृतक ईशान गर्ग

तलाशी में मिले पर्स से रिवॉल्वर का लाइसेंस और पहचान पत्र मिला, जिससे मृतक की पहचान ईशान गर्ग (38 वर्ष) पुत्र पराग गर्ग, निवासी एफ-ब्लॉक, राजाजीपुरम थाना तालकटोरा के रूप में हुई।पुलिस के अनुसार, कार मृतक के नाम पर ही रजिस्टर्ड है। घटना के समय कार अंदर से लॉक थी और इंजन चालू था।

शाम से खड़ी थी कार, रात में खुला राज

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह कार शाम करीब 6 बजे से सड़क किनारे खड़ी थी। देर रात करीब 11:45 बजे आसपास के लोगों ने अंदर झांकने पर युवक को खून से लथपथ देखा और पुलिस को सूचना दी।

फोरेंसिक जांच में जुटी पुलिस, सीसीटीवी से जोड़ रही कड़ियां

फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं। कार के भीतर खून के छींटे चारों ओर फैले थे, जबकि पीछे की सीट और बाहर किसी अन्य व्यक्ति की मौजूदगी के संकेत नहीं मिले। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि घटना से पहले ईशान के साथ कोई और व्यक्ति तो नहीं था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा सच

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों पर स्थिति स्पष्ट होगी।

यह भी पढ़े : 16 चालान के बाद भी हाईवे पर दौड़ती रही बस, हुआ हादसा,13 यात्री घायल, प्रवर्तन विभाग पर उठे सवाल

यह भी पढ़े : आगरा में तेज रफ्तार कार ने ली पांच जिंदगियां, जानिये कैसे

यह भी पढ़े : बांग्लादेशी घुसपैठियों का बड़ा अड्डा बन रहा लखनऊ : पूर्व डीजीपी ब्रजलाल

यह भी पढ़े : लखनऊ में बाइक चोरी करते रंगेहाथ पकड़ा गया युवक, खंभे से बांधकर की पिटाई, वीडियो वायरल

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *