एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ ।दीपावली की सुबह कन्नौज जिले के एक परिवार के लिए कभी न भूलने वाला दर्द बन गई। गंगा स्नान के दौरान एक किशोरी के डूबने पर उसे बचाने गई मां भी लहरों में समा गई। कुछ ही पलों में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।घटना सोमवार सुबह करीब 8 बजे की है। गुरुसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के फराहरन गांव की रहने वाली प्रीति मिश्रा (38) पत्नी लक्ष्मण मिश्रा, उनकी बेटी निशा (15) और पड़ोसी महिला सुनीता शुक्ला (46) पत्नी प्रदीप शुक्ला गंगा स्नान के लिए गई थीं। साथ में प्रीति की दो छोटी बेटियां मुस्कान (8) और उन्नति (5) भी थीं।
दीपावली मनाने के लिए वे कुछ दिन पहले गांव आए थे
जानकारी के अनुसार, मिश्रा परिवार कानपुर में रहता है, जहां लक्ष्मण मिश्रा एक निजी संस्था में कार्यरत हैं। दीपावली मनाने के लिए वे कुछ दिन पहले गांव आए थे।गंगा तट पर पहुंचने के बाद प्रीति ने खुद और छोटी बेटियों को स्नान कराकर किनारे बैठा दिया। इसी दौरान निशा ने मां से कहा कि उसकी एक फोटो खींच लें। जैसे ही प्रीति ने मोबाइल उठाया, निशा का पैर फिसला और वह गहरे पानी में जा गिरी।बेटी को डूबता देख प्रीति भी बिना सोचे-समझे पानी में कूद गईं।
कई घंटे की तलाश के बाद मां-बेटी का शव हुआ बरामद
पास खड़ी सुनीता ने भी दोनों को बचाने की कोशिश की, मगर तेज बहाव के चलते वह खुद बहते-बहते किसी तरह किनारे तक पहुंच पाईं।सूचना पर नौरंगपुर चौकी प्रभारी और कोतवाली पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। कई घंटे की तलाश के बाद मां-बेटी के शव सद्दूपुर के पास गंगा नदी से बरामद किए गए।दोनों शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पति की प्रताड़ना से तंग आकर विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान
उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में दीपावली के दिन एक विवाहिता की आत्महत्या से सनसनी फैल गई। पति की प्रताड़ना और तलाक के दबाव से तंग आकर महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी। मरने से पहले उसने एक भावुक वीडियो बनाकर अपना दर्द बयान किया, जिसमें पति पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए।घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के इंदिरानगर मोहल्ले की है, जहां नाजिया इस्माइल शेख (30 वर्ष) ने अपने मायके में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
आत्महत्या से पहले चार मिनट का बनाया वीडियो
जानकारी के मुताबिक, नाजिया की शादी साल 2022 में सिद्धार्थनगर निवासी इस्माइल से हुई थी, जो मुंबई में व्यापार करता है। शादी के बाद से ही नाजिया को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था।मृतका के परिजनों के अनुसार, इस्माइल अक्सर पत्नी पर तलाक देने का दबाव बनाता था। नाजिया ने आत्महत्या से पहले लगभग चार मिनट का वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने कहा मैं तलाक नहीं दे सकती, लेकिन अपनी जान दे सकती हूं।
वायरल वीडियो और तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी
9 अक्टूबर को नाजिया मुंबई से गोंडा अपने मायके आई थी। यहां भी पति की कॉल और दबाव से वह मानसिक रूप से टूट गई थी।रविवार सुबह करीब 11 बजे उसने कमरे में खुद को बंद कर फांसी लगा ली।\मृतका के पिता उस्मान ने पति इस्माइल के खिलाफ प्रताड़ना की तहरीर दी है।नगर कोतवाली पुलिस ने वायरल वीडियो और तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े : सीतापुर में भीषण सड़क हादसा, निजी एम्बुलेंस पलटी, चार लोगों की मौत
यह भी पढ़े : नकली डीएपी उर्वरक बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, गैंग सरगना समेत तीन गिरफ्तार
यह भी पढ़े : एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: 3.5 करोड़ की ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार
