एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ ।दीपावली एवं आगामी त्योहारों व पर्वों को देखते हुए संयुक्त पुलिस आयुक्त, कानून एवं व्यवस्था,कमिश्नरेट बबलू कुमार द्वारा शहर में पटाखों के भंडारण, परिवहन एवं विक्रय और अवैध रूप से संचालित गोदामों व अस्थायी दुकानों की सघन चेंकिग व छापेमारी के निर्देश दिए गए है। विगत दिनों प्रदेश में कई जगहों पर हुई घटनाओं को देखते हुए डीजीपी के निर्देशानुसार जनपदभर में चेकिंग कराई गई है।
पुलिस की टीम लगातार कर रही छापेमारी
पटाखों का भंडारण करने वालों के साथ अधिकारियों ने बैठक कर सुरक्षा के जो मानक है उसे सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया था। फायर आफिसर और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे ऐसे स्थानों का भ्रमण करें और जहां जो भी कमियां है उसे दूर करें। इसके अलावा जहां लोग अवैध आतिश बाजियों का भंडारण या निर्माण कर रहे हो, उन सभी के लिए छापेमारी करने के लिए हमारी टीमें लगी हुई है। अभी सूचना एकत्र की जा रही है। विगत दिनों में गुडंबा थानाक्षेत्र में बेहटा में बड़े पैमाने पर पटाखों की बरामदगी हुई है।
शहर के इन क्षेत्रों में पटाखों की बिक्री की दी गई है अनुमति
इसी प्रकार से निगोहा और नगराम में बरामदगी हुई। जो भी अवैध भंडारण व निर्माण के कार्य कर रहे है उनके खिलाफ हम लोग कठोर कार्रवाई कर रहे है। जितने भी हमारे वैध लाइसेंसी धारक है उन सभी को मीटिंग करके निर्देश दिया गया है कि वह किसी प्रकार की कमी न रखे ताकि कोई घटना न होने पाए।
निर्धारित स्थानों पर ही पटाखों की बिक्री की अनुमति
दीपावली व आगामी त्योहारों को देखते हुए लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट की ओर से आतिशबाजी विक्रय के लिए 1018 अस्थायी लाइसेंस स्वीकृत किए गए हैं। शहर के विभिन्न थानों के अंतर्गत निर्धारित स्थानों पर ही पटाखों की बिक्री की अनुमति दी गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अनधिकृत निर्माण, संग्रहण या विक्रय करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कहां-कहां लगीं अस्थायी दुकानें
सबसे अधिक दुकानें सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के सैनिक ग्राउंड (68), आशियाना के कथावाचक मैदान (50), चिनहट के राष्ट्रीय उद्योग इंटर कॉलेज मैदान (50), विकासनगर मिनी स्टेडियम (50) और पीजीआई थाना क्षेत्र (50) में स्वीकृत की गई हैं।जबकि कुछ स्थानों जैसे तालकटोरा के पीएनटी मैदान और बाजारखाला रस्तोगी इंटर कॉलेज मैदान में एनओसी न मिलने के कारण अनुमति नहीं दी गई है।
निर्माताओं और विक्रेताओं से संवाद
कमिश्नरेट स्तर पर आतिशबाजी निर्माताओं व विक्रेताओं के साथ कई दौर की बैठकें की गई हैं। पुलिस अधिकारियों ने निर्देश दिए हैं कि केवल स्वीकृत स्थानों पर ही बिक्री की जाए। साथ ही सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए BDDS (बम निरोधक दस्ते) और Sniffer Dogs टीमों के साथ लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।
अवैध भंडारण पर कार्रवाई जारी
हाल के दिनों में पुलिस ने शहर के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर अवैध रूप से पटाखे जमा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है। स्थानीय पुलिस टीमों को निर्देशित किया गया है कि त्योहारी सीजन में लगातार निगरानी रखी जाए ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।
पुलिस की अपील
लखनऊ पुलिस ने सभी पटाखा विक्रेताओं से अपील की है कि प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें।साथ ही नागरिकों से भी अनुरोध किया गया है कि वे किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखी जा सके।
यह भी पढ़े : भदोही से सीएम योगी का संदेश: चुनौतियों को अवसर बनाएं, यूपी बनेगा निर्यात शक्ति
यह भी पढ़े : जौनपुर पुलिस की बड़ी सफलता, महिला अपराधों में 10 अभियुक्तों को हुई सजा
यह भी पढ़े : यूपी में चार आईपीएस अधिकारियों का तबादला, जानिये पूरी सूची
यह भी पढ़े : एआई से महिलाओं की फर्जी तस्वीरें बनाकर वायरल करने वाले दो युवक गिरफ्तार
