एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ । राजधानी में एक डिग्री कॉलेज प्रबंधक ने चार लोगों पर अपहरण, मारपीट और अमानवीय बर्ताव का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आरोपियों ने न सिर्फ उन्हें कार में जबरन बैठाकर ले जाया, बल्कि होटल में ले जाकर पीटा और पानी मांगने पर पेशाब तक पिलाई। पुलिस की उदासीनता पर सवाल उठाते हुए पीड़ित ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, जिसके आदेश पर अब महानगर पुलिस ने चारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

विरोध करने पर पहले माफी मांगी, लेकिन बाद में साजिश रच डाली

पीड़ित प्रबंधक, 58 वर्षीय निशातगंज निवासी, का कहना है कि वह पिछले 20 वर्षों से एटा के सरकारी डिग्री व इंटर कॉलेज में सचिव और प्रबंधक हैं। आरोपियों में लिपिक राम निवास, सहायक लिपिक अर्पण राजपूत, शशांक प्रताप सिंह चौहान (गोमतीनगर) और सिद्धराज बिष्ट (न्यू हैदराबाद) शामिल हैं। प्रबंधक का आरोप है कि ये लोग कॉलेज के कोष में भ्रष्टाचार कर रहे थे। विरोध करने पर पहले माफी मांगी, लेकिन बाद में साजिश रच डाली।

आरोपियों ने तमंचे के बल पर पहले से तैयार इस्तीफे पर कराया हस्ताक्षर

शिकायत के अनुसार, 1 जुलाई की सुबह शशांक और सिद्धराज उन्हें घर से कार में बैठाकर एटा ले गए। रास्ते में गाली-गलौज करते हुए उनका मोबाइल छीन लिया और लगातार पीटते रहे। एटा पहुंचने पर होटल गुप्ता पैलेस में पहले से मौजूद राम निवास और अर्पण ने भी मारपीट की। आरोप है कि अधमरी हालत में जब प्रबंधक ने पानी मांगा तो उन्हें पेशाब पिलाई गई।यही नहीं, आरोपियों ने तमंचे के बल पर पहले से तैयार इस्तीफे पर उनसे जबरन हस्ताक्षर भी कराए और रात को करीब 11:30 बजे घर के सामने फेंककर फरार हो गए। पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने कोर्ट का सहारा लिया।

—-

प्लॉट के नाम पर दरोगा व तीन पुलिसकर्मियों से 36 लाख की ठगी

राजधानी में जालसाजों ने एलआईयू में तैनात दरोगा समेत तीन पुलिसकर्मियों को फ्लैट और प्लॉट दिलाने का झांसा देकर 36.40 लाख रुपये हड़प लिए। पीड़ितों की शिकायत पर गोमतीनगर विस्तार और गोसाईंगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।दरोगा जगदीश सिंह, जो रायबरेली में एलआईयू में तैनात हैं, ने बताया कि वर्ष 2023 में उनकी मुलाकात अमेठी के संग्रामपुर निवासी ललित तिवारी से हुई। ललित उस समय गोमतीनगर विस्तार के मलेसेमऊ स्थित एसएसबी बिल्डिंग में रह रहा था और उसी बिल्डिंग में फ्लैट दिलाने का लालच दिया।

रजिस्ट्रेशन और सत्यापन के नाम पर चारों से 11.40 लाख रुपये वसूले

जगदीश ने भरोसा जताते हुए एटा जिले में तैनात कांस्टेबल शुभम सिंह, कांस्टेबल आदर्श त्रिपाठी और गोमतीनगर विस्तार थाने के कांस्टेबल संदीप पटेल की भी ललित से मुलाकात कराई। आरोप है कि अगस्त से सितंबर 2023 के बीच ललित ने रजिस्ट्रेशन और सत्यापन के नाम पर चारों से 11.40 लाख रुपये वसूले, मगर किसी को भी फ्लैट नहीं मिला। ठगी का पता चलने पर दरोगा ने पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई।

—–

ज्वैलर्स की दुकान से महिला ने 70 हजार के जेवर उड़ाए, CCTV में कैद

राजधानी के चिनहट क्षेत्र के लौलाई स्थित वैष्णो ज्वैलर्स से एक महिला 70 हजार रुपये के जेवर लेकर फरार हो गई। गाजीपुर थाना क्षेत्र के सर्वोदय नगर निवासी दुकान मालिक राजन वर्मा की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पैसे लाने का बहाना बनाकर वह दुकान से बाहर निकली

घटना 23 अगस्त की दोपहर करीब डेढ़ बजे की है। दुकान पर बैग लेकर आई महिला ने सोने की चार अंगूठियां और एक चेन पसंद की, जिनकी कुल कीमत 70 हजार रुपये थी। भुगतान के समय उसने कहा कि कुछ रकम उसके बैग में है और बाकी पैसे बाहर खड़ी कार में रखे हैं। पैसे लाने का बहाना बनाकर वह दुकान से बाहर निकली, लेकिन वापस नहीं लौटी।काफी देर इंतजार के बाद जब राजन बाहर पहुंचे तो वहां कोई कार नहीं थी। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर महिला की तलाश कर रही है।

——-

मॉर्निंग वॉक के दौरान महिला से लूटी चेन

राजधानी में बदमाशों के हौसले एक बार फिर बुलंद दिखे। जानकीपुरम थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर शुक्रवार सुबह मॉर्निंग वॉक कर रही महिला से चेन लूट ली गई। वारदात के बाद आरोपी अपने दो साथियों संग मौके से फरार हो गया।पीड़िता सुनीता पांडेय, निवासी सेक्टर-एफ, ने बताया कि सुबह करीब 7:30 बजे वह लखनऊ विश्वविद्यालय नवीन परिसर के पास टहल रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए एक युवक ने झपट्टा मारकर उनकी सोने की चेन तोड़ ली।

शोर मचाने पर डिवाइडर से कूदकर भागा बदमाश

सुनीता के शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन बदमाश तेजी से डिवाइडर कूदकर सड़क पार कर अपने साथियों के साथ भाग निकला।घटना की सूचना तुरंत यूपी 112 पर दी गई। मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर विनोद कुमार तिवारी ने जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि बदमाशों की पहचान कर गिरफ्तारी की जा सके। फिलहाल तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।

यह भी पढ़े : नेपाल में फंसे भारतीयों की मदद के लिए यूपी पुलिस अलर्ट

यह भी पढ़े : वीआईपी नंबर की चाह बनी मुसीबत, न मिला नंबर न वापस आई रकम, फंसा 9 करोड़ का रिफंड

यह भी पढ़े : महिलाओं-बच्चों पर आपत्तिजनक पोस्ट बर्दाश्त नहीं, डीजीपी ने दिए आदेश

यह भी पढ़े : सीपी राधाकृष्णन बने देश के अगले उपराष्ट्रपति, जानें मतदान का पूरा गणित

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *