एसएमयूपी न्यूज,कोलकाता। स्वतंत्रता दिवस की सुबह पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्दवान जिले में एक दर्दनाक हादसे ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। शुक्रवार सुबह करीब 7:20 बजे 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग के नला फेरीघाट इलाके में तेज रफ्तार यात्री बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 35 से अधिक यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को बर्दवान मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें कई की हालत नाजुक बताई जा रही है।
कैसे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोलकाता से दुर्गापुर जा रही बस तेज रफ्तार में थी और चालक ने अचानक वाहन पर नियंत्रण खो दिया। सामने खड़े ट्रक से हुई जोरदार टक्कर के बाद बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक ट्रक चालक हाईवे किनारे वाहन रोककर आगे बढ़ने की तैयारी कर रहा था।
यात्रियों की आपबीती
घायल यात्री विश्वजीत कुमार, जो बिहार के रहने वाले हैं, ने बताया कि बस में अधिकतर लोग सो रहे थे। अचानक तेज झटका लगने से वे आगे गिर गए और सिर पर चोट लग गई। “पल भर में सब कुछ बदल गया, किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला,” उन्होंने कहा।
प्रशासन की कार्रवाई
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अर्क बंध्योपाध्याय ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। बर्दवान मेडिकल कॉलेज के सुपर तापस कुमार घोष के अनुसार, “अस्पताल लाने से पहले ही 10 लोगों की मौत हो चुकी थी। 25 घायल अस्पताल में भर्ती हैं, जिनमें चार से पांच की हालत बेहद गंभीर है।”
जांच जारी
प्रारंभिक आशंका है कि बस चालक को नींद आ गई होगी, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया। हालांकि पुलिस ने अभी कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया है। बस की स्पीड, ब्रेक सिस्टम और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा। पुलिस ने बस और ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े : जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में भीषण बादल फटा, 40 लोगों की मौत, अब तक 120 लोग बचाए गए
यह भी पढ़े : इटौंजा पावर हाउस में हाईटेंशन लाइन से झुलसा संविदा कर्मी, मौत के बाद परिजनों का हंगामा
यह भी पढ़े : बाराबंकी एएनटीएफ की बड़ी कार्रवाई, 2.12 करोड़ की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार
