एसएमयूपीन्यूज, लखनऊ।वर्ष 2005 में एक ही दिन में तीन हत्याएं कर सनसनी मचाने वाला सीरियल किलर सोहराब पैरोल पर जेल से रिहा होने के बाद फरार हो गया है। तिहाड़ जेल से कुछ दिन पहले पैरोल पर बाहर आए सोहराब की पैरोल अवधि तीन दिन पहले समाप्त हो चुकी है, लेकिन वह जेल में वापस नहीं लौटा। उसके फरार होने की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और उत्तर प्रदेश एसटीएफ उसकी तलाश में लग गई है।
अपराध की दुनिया में खौफ का नाम थे तीन भाई
लखनऊ के सदर बाजार निवासी कुख्यात अपराधी सलीम, रुस्तम और सोहराब तीनों सगे भाई हैं, जिन्हें राजधानी में सीरियल किलर के रूप में जाना जाता है। तीनों तिहाड़ जेल में बंद थे। इनका आपराधिक इतिहास बेहद खौफनाक रहा है।
भाई की हत्या का बदला एक घंटे में तीन मर्डर से
वर्ष 2004 में रमजान के महीने में इनका छोटा भाई शहजादे मारा गया था। ठीक एक साल बाद उसी तारीख को, तीनों भाइयों ने मिलकर शहजादे के कथित हत्यारों को एक घंटे के भीतर तीन अलग-अलग जगहों हुसैनगंज, खदरा और मड़ियांव में मौत के घाट उतार दिया।इतना ही नहीं, हत्या से पहले तत्कालीन एसएसपी लखनऊ आशुतोष पांडेय के कार्यालय में फोन कर धमकी भी दी गई थी। इस दुस्साहसिक वारदात ने पुलिस और जनता को झकझोर कर रख दिया था।
सुपारी किलिंग, डकैती और वसूली के भी मास्टरमाइंड
तीनों भाइयों ने लखनऊ ही नहीं, दिल्ली तक अपने आपराधिक नेटवर्क फैला रखे थे। दिल्ली में दिनदहाड़े एक ज्वेलरी शोरूम में डाका डाला। इसके अलावा लखनऊ में कई चर्चित हत्याएं इनसे जुड़ी रहीं।बसपा शासनकाल में एक स्वास्थ्यकर्मी और समाजसेवी सैफी की दिनदहाड़े हत्या।सपा शासनकाल में, अमीनाबाद में भाजपा पार्षद पप्पू पांडेय की हत्या, जो उनके गुर्गे सुनील शर्मा से करवाई गई।लखनऊ की सहादतगंज जेल में फैज नामक युवक की हत्या, जो संभल के पूर्व सांसद शफीकुर्रहमान का नाती था। यह हत्या सोहराब की पूर्व पत्नी से संबंधों को लेकर रंजिश में करवाई गई थी।
कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती
सोहराब की फरारी ने दिल्ली और उत्तर प्रदेश दोनों राज्यों की पुलिस को सतर्क कर दिया है। उसे लेकर सुरक्षा एजेंसियों में खलबली मच गई है। अब देखना यह है कि अपराध की दुनिया में खौफ बन चुके इस फरार अपराधी को कब तक गिरफ्त में लिया जा पाता है।
यह भी पढ़े : सीबीआई अफसर बनकर बरेली के वैज्ञानिक से 1.29 करोड़ की ठगी,चार गिरफ्तार
यह भी पढ़े : ग्राहक को थूका हुआ दूध बेचने वाला दूधिया चढ़ा पुलिस के हत्थे
यह भी पढ़े : 24 करोड़ की छात्रवृत्ति घोटाले में वांछित पवन कुमार उर्फ बंटी गिरफ्तार
यह भी पढ़े : मर्चेंट नेवी इंजीनियर अनुराग तिवारी का शव घर पहुंचा तो मचा कोहराम
यह भी पढ़े : तीन दिवसीय आम महोत्सव-2025 का सीएम योगी ने किया भव्य शुभारंभ
