शहजाद अहमद खान, मलिहाबाद, लखनऊ । राजधानी के मलिहाबाद क्षेत्र में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। आये दिन हत्या, लूट व चोरी की घटनाओं से लोग भयभीत है। रहीमाबाद के बाद अब थाना माल क्षेत्र के मड़वाना गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई जब गांव के अधेड़ राजू गौतम (पुत्र चंदी गौतम) की दबंगों ने चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। जबकि अभी इसी क्षेत्र में दो दिन पहले ही पत्नी की हत्या की वारदात का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा था, कि अब फिर से खून-खराबे की घटना ने दहशत फैला दी है।
परिजन गांव के ही कुछ लोगों पर लगा रहे हत्या का आरोप
राजू गौतम अपने पीछे एक बेटा और दो बेटियों का परिवार छोड़ गए हैं, जिनमें से एक बेटी की शादी हो चुकी है। गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगा है। सूत्रों के अनुसार पुरानी रंजिश को लेकर राजू को निशाना बनाया गया।घटना की सूचना पर थाना प्रभारी नवाब अहमद तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संदिग्धों की तलाश जारी है। वहीं क्षेत्र में दो हत्याएं होने से लगातार तनाव का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों में भय व आक्रोश है।
पुलिस तीन को हिरासत में लेकर कर रही पूछताछ
अपर पुलिस उपायुक्त उत्तरी जितेंद्र कुमार दुबे ने बताया कि बुधवार की सुबह आठ बजे के आसपास प्रभारी निरीक्षक को सूचना मिली कि गांव मड़वाना में 55 वर्षीय राजू की हत्या कर दी गई है। इस सूचना प्रभारी निरीक्षक माल व उच्चाधिकारी द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण किया गया। फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए। मृतक के शरीर पर जो चोट के निशान मिले उसका परीक्षण भी किया गया। इसके अलावा परिजनों से तहरीर प्राप्त कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके से पुलिस ने तीन को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
पकरा गांव में पति ने पत्नी की ईंट से कूचकर उतार दिया था मौत के घाट
रविवार की सुबह पकरा गांव में आपसी विवाद में पति ने पत्नी की ईंट से कूचकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना के वक्त उनकी चार साल की बेटी पलक घर के बाहर खेल रही थी। जैसे ही वह अंदर आई, उसने अपनी मां सीमा (25) को खून से लथपथ हालत में तड़पते देखा। यह दृश्य देख बच्ची जोर-जोर से रोने लगी। शोर सुनकर आस-पास के लोग इकट्ठा हुए और सीमा को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। इलाज के दौरान सीमा की मौत हो गई। हालांकि इस मामले में घटना के दूसरे दिन आरोपी पति भी फांसी पर लटकर जान दे दी थी।
बखतौरी में सोमवार को बहन के सामने भाई की कर दी गई थी निर्मम हत्या
रहीमाबाद के ग्राम बखतौरी में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना में पुरानी जमीनी रंजिश के चलते 32 वर्षीय युवक अमन दीक्षित की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावरों ने घर में घुसकर ईंट और धारदार हथियार से हमला किया। यह निर्मम वारदात मृतक की बहन राधिका की आंखों के सामने अंजाम दी गई, जिसने जान बचाकर किसी तरह पुलिस को सूचना दी। इस दोनों घटनाओं के बाद अब तीसरी वारदात हो गई। इसमें अधेड़ को चाकूओं से गाेदकर हत्या कर दी है। पुलिस एक घटना का खुलासा कर नहीं पा पर रही कि दूसरी हो जा रही है। लगातार क्षेत्र में अपराध की घटना होने से लोग भयभीत है।
यह भी पढ़े : रहीमाबाद में बहन के सामने दबंगों ने की भाई की बेरहमी से हत्या
यह भी पढ़े : मड़ियांव पुलिस ने दो शातिर चोरों को किया गिरफ्तार, लाखों के जेवरात बरामद
यह भी पढ़े :लखनऊ में दो ट्रकों की भीषण टक्कर, एक की मौत, दमकलकर्मियों ने दो की बचाई जान
यह भी पढ़े :यूपी सरकार ने 23 आईएएस का किया तबादला, गोरखपुर समेत 10 जिलाधिकारियों में फेरबदल
यह भी पढ़े :मुख्यमंत्री योगी को धमकी देने वाला युवक गिरफ्तार

