महेश चंद्र गुप्ता । बहराइच जनपद के पकड़िया दीवान गांव के रहने वाले एक वृद्ध ने फर्जी मुकदमा दर्ज और सुलह के लिए दो लाख रुपये मांगे जाने से परेशान होकर फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंच कर साक्ष्य एकत्रित किया है। वहीं बुजुर्ग की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
बाग में बुजुर्ग का लटकता मिला शव
बहराइच जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पकड़िया दीवान के मजरा कल्लू (60) का शव रविवार सुबह शहाबुद्दीन के बाग में फंदे से लटकता मिला। मृतक के पुत्र रहीश ने गांव निवासी एक महिला को पिता की मौत का जिम्मेदार बताया है। थाने में तहरीर देकर रहीश का कहना है कि महिला ने न्यायालय के आदेश पर पूरे परिवार पर केस दर्ज करवा दिया है।
सुलह करने के नाम पर महिला ने मांग की दो लाख
सुलह करने के नाम पर दो लाख रुपये की मांग कर रही है। जिसके चलते परेशान पिता ने फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पाकर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बयान दर्ज किया। फोरेंसिक टीम ने भी गांव पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किया। इस मामले में थानाध्यक्ष आरके पांडेय का कहना है कि तहरीर मिली है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी।
